कोलंबो : पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले से ठीक पहले भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया। अय्यर पीठ की सर्जरी के चलते क्रिकेट से कुछ महीनों तक दूर रहे थे। वापसी करने के दो मैच बाद अय्यर को पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फ़ोर मुक़ाबले से ठीक पहले वॉर्म-अप के दौरान फिर से पीठ में दर्द का एहसास हुआ। इसके चलते उन्हें आख़िरी वक़्त पर एकादश से बाहर होना पड़ा और उनकी जगह पर ख़ुद पीठ की इंजरी से लौट रहे के एल राहुल को खेलने का मौक़ा मिला।
कप्तान रोहित शर्मा ने इसे एक ‘मजबूरन बदलाव’ बताया। श्रेयस मार्च में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध घर पर वनडे सीरीज़ के बाद से नहीं खेले हैं। पीठ की चोट के चलते उन्होंने आईपीएल का पूरा सीज़न भी मिस किया था। उनको एशिया कप और विश्व कप दोनों टीमों में चयनित किया गया था। पीठ की सर्जरी के बाद बीसीसीआई के एनसीए के मेडिकल अधिकारियों ने उन्हें फ़िट करार दिया था और इसके चलते वह दो सितंबर को पाकिस्तान के विरुद्ध पहला मुक़ाबला भी खेले, जहां उन्होंने 14 रन बनाए थे।
दो दिन बाद नेपाल के विरुद्ध 10 विकेट की जीत में उन्हें बल्लेबाज़ी करने का मौक़ा नहीं मिला था। श्रेयस की चोट विश्व कप से पहले भारतीय खेमे के लिये चिंता का विषय बन सकता है। राहुल के लिए आज का मुक़ाबला मार्च के बाद पहला मैच है। जांघ की चोट के चलते वह आईपीएल से भी बाहर हो गए थे। एशिया कप में उनका चयन ज़रूर हुआ था लेकिन मामूली चोट के चलते वह पहले दो मैच से बाहर बैठे थे।
