आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल : मध्यप्रदेश में बारिश के जारी क्रम के बीच अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के आठ जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार मध्यप्रदेश में बने मानसूनी सिस्टमों के चलते पिछले तीन-चार दिनों से बारिश का क्रम जारी है। अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के दतिया, मुरैना, भिंड, डिंडोरी, अनूपपुर, टीकमगढ़, सतना और रीवा में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। यहां 50 से 80 मिलीमीटर तक बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इसके साथ ही रीवा, सागर, शहडोल, भोपाल, नर्मदापुरम, चंबल, ग्वालियर और जबलपुर संभागों के जिलों के अलावा देवास शाजापुर और आगरमालवा जिलों में गरज चमक के साथ वज्रपात की संभावना है।
पिछले चौबीस घंटों के दौरान टीकमगढ़ में 77 मिमी, दतिया में 30 मिमी, गुना में 28 मिमी, छतरपुर के नौगांव में 27़ 6 मिमी, मंडला में 25 मिमी, दमोह में 17 मिमी, पचमढ़ी में 15़ 6 मिमी, मलॉजखंड में 11़ 4 मिमी, खजुराहो 10 मिमी, नर्मदापुरम 9़ 2 मिमी, भोपाल सिटी 9़ 0 मिमी, ग्वालियर में 8़ 5 मिमी, शिवपुरी में 8 मिमी, जबलपुर में 7़ 2 मिमी के अलावा अन्य जिलों में बारिश हुयी है। राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में कल शाम को बारिश हुयी। आज सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। इसी बीच कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ी। अगले चौबीस घंटों के दौरान यहां गरज चमक के साथ वज्रपात की संभावना जतायी जा रही है।
