खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की गोगावा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों का निर्माण कर सप्लाई करने वाले माफिया के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई कर उज्जैन के हिस्ट्रीशीटर समेत दो को गिरफ्तार किया है। खरगोन के पुलिस अधीक्षक डीएस यादव ने आज पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर खरगोन जिले के सिगनूर निवासी अजय सिंह को मछलगांव में 15 देसी पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान उज्जैन के एम एल नगर निवासी अमन लोहार फरार हो गया था। वह अजय सिंह से हथियारों की खेप लेने क्षेत्र में आया था।
अजय सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह उक्त हथियार अपने पिता गुरुदेव उर्फ गोगा के साथ मिलकर तैयार करता था और प्रदेश तथा देश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करता था। हथियारों की राशि मिडिलमैन के खाते में जमा कराई जाती थी, जिसे एक निर्धारित कमीशन दिया जाता था। उन्होंने बताया कि अजय सिंह के पिता के अलावा अन्य दो भाई भी इसी अवैध व्यवसाय में लिप्त है।
उन्होंने बताया कि अजय सिंह के घर पर दबिश दी गई और वहां से हथियार निर्माण के उपकरण व सामग्री के अलावा पांच पिस्तौलें जब्त की गयीं। उसी की निशान देही पर उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र के चिंतामन नगर निवासी अकबर उर्फ खन्ना खान को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी पांच हथियार बरामद हुए जो उसने अजय सिंह से खरीदे थे। उन्होंने बताया कि उज्जैन क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अकबर के विरुद्ध 15 अपराध पंजीबद्ध है।
भीकन गांव के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) संजू चौहान ने बताया कि फरार आरोपियों अमन लोहार और अजय सिंह के पिता गुरुदेव उर्फ गोगा की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि भीकनगांव अनुविभाग में इस वर्ष 25 मामलों में 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 225 हथियार जब्त किये गये हैं।
हथियार निर्माता और उज्जैन का हिस्ट्री शीटर गिरफ्तार
