गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

युवती हत्याकांड खुलासा, हत्यारोपी गिरफ्तार

भदोही : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की पुलिस ने युवती हत्याकाण्ड का सफल अनावरण करते हुए आरोपी युवक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक डा.मीनाक्षी कात्यायन ने आज बताया कि गत 2 सितंबर 2023 को ग्राम सभा लालानगर थाना गोपीगंज जनपद भदोही के ग्राम प्रधान राकेश कुमार यादव द्वारा तहरीर दी गई कि लालानगर टोल से ज्ञानपुर की तरफ जाने वाली सड़क के बायें तरफ स्थित अहाते के झाड़ में किसी अज्ञात युवती की हत्या कर उसे जलाकर एक बक्शे में रखकर फेक दिया गया है।

जिसकी आधी शरीर व पूरा चेहरा जला हुआ है। उक्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 281/23 धारा-302/201 भा0द0वि0 पंजीकृत कर विवेचना प्रचलित की। उन्होंने बताया कि उक्त निर्मम हत्याकाण्ड के सफल अनावरण हेतु क्राइम ब्रांच व थाना गोपीगंज तथा अन्य अलग- अलग टीम बनाकर घटना का शीघ्र अनावरण करने व अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था।

उक्त आदेश के क्रम में राजेश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक भदोही के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा 10 दिवस के कठिन परिश्रम व अथक प्रयास से शव के मिलने के स्थान लालानगर टोल प्लाजा, गोपीगंज से लेकर हत्या कारित करने के घटनास्थल महामनापुरी कालोनी, जनपद वाराणसी तक लगभग 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, धरातलीय व इलेक्ट्रानिक साक्ष्य संकलित करते हुये घटना में शामिल सिरफिरे आशिक उपेन्द्र श्रीवास्तव पुत्र राममोहन श्रीवास्तव निवासी कंचनपुर गेट, भिखारीपुर थाना मण्डुआडीह जनपद वाराणसी को आज हनुमान मंदिर वाराणसी कैण्ट स्टेशन के सामने से गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि विगत् लगभग 01 वर्ष पहले उपेंद्र के जन्मदिन पर उसकी मुलाकात लड़की से हुई थी। उसी समय से धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ती गयी। इसके बाद महामनापुरी कालोनी, वाराणसी में किराये का कमरा लिया था। जहां पर दोनो दिन में साथ रहते थे, तथा शाम को अपने-अपने घर चले जाते थे‌। विगत् 20-25 दिन पूर्व उपेंद्र को मालूम हुआ कि मृतका का प्रेम प्रपंच उसके पड़ोस के लड़के से भी है। जिस पर उपेंद्र ने उससे दूर रहने के लिये समझाया एवं डराया-धमकाया परन्तु उस लड़के से उसका सम्बन्ध बना रहा। लाख समझाने बुझाने के बाद भी वह अलग रहने को राजी नहीं हुई। इससे क्षुब्ध होकर उसने लड़की हत्या योजना बनायी।
गत 1 सितंबर 2023 को भी उपेंद्र ने प्रतिदिन की भांति अपनी प्रेमिका को 10 बजे उसके घर के पास से उसको रिसीव कर किराये के कमरे पर ले गया । प्रतिदिन की भांति सायंकाल करीब 06 बजे जब लौटने का समय हुआ तो उपेंद्र ने फिर से अपनी प्रेमिका से उस लड़के से प्रेम सम्बन्ध खत्म करने का दबाव बनाया परन्तु उसने मना कर दिया। जिससे आवेश में आकर योजनाबद्ध तरीके से जमीन पर उसका सिर दे मारा तथा गला दबा कर जान से मार दिया।

उसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए जब वह चकवा महाबीर पहुँचा तो पुलिस की गाड़ी दिखी जिससे डर कर वह पुनः वापस लौटा और टोल प्लाजा के पास झाड़ी में शव को फेक दिया। शव की शिनाख्त मिटाने हेतु अपनी गाड़ी से पेट्रोल निकालकर शव पर छिड़क-कर उसे जला दिया और वहां से फरार हो गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीम को पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर व पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा 25-25 हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *