जालंधर : पंजाब में जालंधर जिले के शाहकोट गांवों में इन्फोर्समेंट टीमों की छापेमारी दौरान 21 बिजली चोरों को पकड़ कर 13.63 लाख रुपये का जुर्माना किया। विभाग के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए पावरकॉम इंफोर्समेंट विंग, जालंधर की टीमों ने शाहकोट (नकोदर) के पास के गांवों में अचानक छापेमारी की। इनमें किली, सारंगवाल, चकबहमनी, पतोंकल और चकराम नाम के गांव शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान बिजली चोरी के 21 मामले पकड़े गये जो घरेलू उपभोक्ताओं से संबंधित हैं। इनमें से 7 मामलों में उपभोक्ता बिजली कनेक्शन के बावजूद पावरकॉम सप्लाई से सीधे बिजली चोरी करते पकड़े गए। शेष 14 मामलों में उपभोक्ताओं को घर के पास से गुजर रहे बिजली के तारों में सीधे डंडे के सहारे टोका लगाकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया।
अकेले पिंडाकिली में बिजली चोरी के छह मामले सामने आये हैं। इसके अलावा गांव चक्कबहमनी में सात और पट्टनकल गांव में तीन बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। मौके पर ही उपरोक्त कनेक्शनों को काट दिया गया तथा मौजूदा केबलों को जब्त कर वितरण उपखंड के कर्मचारियों को सौंप दिया गया। इन 21 बिजली चोरी के मामलों में बिजली चोरी के 13.63 लाख रुपये और कंपाउंडिंग चार्ज के 1.26 लाख रुपये वसूले गए। बिजली चोरों पर एफआइआर दर्ज कराने को लेकर एंटी पावर थेफ्ट थाने को पत्र लिखा गया है। इंफोर्समेंट विंग की ओर से बताया गया कि अलग-अलग इलाकों में रैंडम छापेमारी जारी रहेगी।
