गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

निपाह वायरस को लेकर निगरानी बढ़ाई गयी

बेंगलुरु : कर्नाटक ने केरल में निपाह वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए अपने जिलों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कर्नाटक में अधिकारियों ने लोगों से केरल के निपाह प्रभावित जिलों की गैर जरूरी यात्रा नहीं करने को कहा है। कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याणकारी सेवाओं द्वारा जारी एक परिपत्र में कहा गया है, “ केरल राज्य के कोझिकोड जिले में दो मौतों के साथ निपाह के चार मामलों की पुष्टि होने के मद्देनजर, संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए केरल राज्य की सीमा से लगे जिलों में निगरानी गतिविधियों को तेज करने की जरूरत है। ”
आदेश में सभी स्तरों पर निपाह वायरस रोग प्रसार को रोकने के लिए राज्य के जिलों द्वारा तत्काल कार्रवाई शुरू करने का भी आह्वान किया गया। आदेश के अनुसार, “ कर्नाटक से केरल में प्रवेश बिंदु पर बुखार की निगरानी के लिए चेक पोस्ट स्थापित करना। चामराजनगर, मैसूर, कोडागु और दक्षिण कन्नड़ जैसे सीमावर्ती जिलों और कर्नाटक में प्रवेश के बिंदुओं पर बुखार की जांच तेज करना। ”
स्वास्थ्य अधिकारियों से अस्पतालों में सभी आवश्यक दवाओं और ऑक्सीजन का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि अब तक केरल में निपाह संक्रमण के मामलों की संख्या छह हो गई है।
केरल में सबसे पहले 2018 में कोझिकोड और मलप्पुरम जिलों में निपाह वायरस का प्रकोप देखा गया था, इस दौरान 17 लोगों की मौत हुई थी।

वर्ष 2019 और वर्ष 2021 में निपाह के मामले राज्य में फिर से सामने आये थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, निपाह वायरस ज़ूनोसिस संक्रमण है जो जानवरों से मनुष्यों में फैलता है और गंभीर बीमारी का कारण बनता है। इस वायरस से संक्रमित होने पर आमतौर पर, तेज बुखार, सिर दर्द, सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश, एटिपिकल निमोनिया और कोमा जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *