जम्मू : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने जम्मू छावनी बोर्ड के एक राजस्व निरीक्षक को एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आधिकारिक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां बताया कि शिकायत मिली थी कि आरोप दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। इसके बाद इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता 1991 से जम्मू छावनी के अंदर एक आवासीय क्वार्टर में रह रहा था और 23 अगस्त, 2023 को जम्मू छावनी बोर्ड द्वारा शिकायतकर्ता की मां को बेदखली का आदेश थमा दिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से उसे आवासीय क्वार्टर से बेदखल न करने और रिकॉर्ड में उसकी मां के नाम पर आवंटन प्रविष्टि करने के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। प्रवक्ता ने कहा कि सीबीआई पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के परिसरों की तलाशी ली गई, जिससे लगभग 6.50 लाख रुपये नकद और संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद उसे सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया।
राजस्व अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
