गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रतलाम : बारिश का दौर जारी

रतलाम : मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में स्थित रतलाम जिले में भी बारिश का दौर जारी रहने से आज सभी विद्यालयों में अवकाश रहा और प्रशासन सतर्कता और सजगता बरत रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार दोपहर के बाद से जिले में लगातार बारिश जारी है। मौजूदा बारिश से रतलाम का मुख्य पेयजल स्त्रोत ढोलावड बांध (जलाशय) लबालब हो गया है। बांध का एक गेट भी अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए खोल दिया गया है। वहीं कई पुल पुलियाओं पर पानी आ जाने और पेड़ों के गिरने से अनेक गांवों के रास्ते बन्द हो गए हैं। तेज बारिश के चलते प्रशासन ने शनिवार को सभी स्कूलों को भी बन्द कर दिया।
शनिवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए चौबीस घंटों के दौरान जिले में औसतन पांच इंच बारिश दर्ज की गई। इसको मिलाकर जिले में इस सीजन में अब तक कुल औसतन 40 इंच बारिश हो चुकी है। पिछले वर्ष की तुलना में यह अब भी पांच इंच कम है। जिले में सर्वाधिक वर्षा बाजना तहसील में हुई, जहां 24 घंटों में 10 इंच बारिश हुई। बाजना में अब तक कुल 55 इंच बारिश हो चुकी है और यह पिछले वर्ष की तुलना में 14 इंच अधिक है। इसी तरह रतलाम में 24 घण्टों के दौरान साढे तीन इंच वर्षा दर्ज की गई।

रतलाम में अब तक कुल 27 इंच बारिश हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में छह इंच कम है। इसके जिले के जावरा में तीन इंच, आलोट में सात इंच, ताल में चार इंच, रावटी में छह इंच और सैलाना में पांच इंच बारिश दर्ज की गई। बाजना इलाके में हुई तेज बारिश के कारण ढोलावाड बांध लबालब हो गया है और छलकने लगा है। ढोलावाड बांध का एक गेट सुबह खोल दिया गया था। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बांध के जलस्तर पर लगातार निगाह रखी जा रही है, ताकि अन्य गेट खोलने या बन्द रखने के बारे में निर्णय लिया जा सके।
तेज बारिश के चलते नदी नालों पर बने छोटे रपटों और पुलियाओं पर पानी चढ़ गया है। जिले के नदी नालों में जबर्दस्त बहाव आ चुका है और रपटों व पुलियाओं पर पानी आ जाने से यातायात प्रभावित भी होने की सूचनाएं हैं। समीपस्थ ग्र्राम मथुरी की सड़क पर पेड गिरने से रास्ता बन्द हो गया है और लोगों को रास्ता बदलकर आवागमन करना पड रहा है। हतनारा और मलेनी नदी उफान पर हैं। सैलाना के प्रसिद्ध स्थल केदारेश्वर महादेव में भी लबालब पानी भर गया है, जिसकी वजह से शिवलिंग तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया है।
लगातार हो रही तेज बारिश से सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों की छुïट्टी घोषित कर दी गई है। तेज बारिश के चलते दूध और सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। ग्र्रामीण इलाकों के रास्ते बन्द होने और तेज बारिश के कारण दूध और सब्जियां शहर तक नहीं पहुंच पाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *