अहमदाबाद : नरेन्द्र मोदी के 73वें जन्म दिवस पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद महानगर पालिका द्वारा गोता वॉर्ड में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर गोता वॉर्ड में सोला गांव तालाब के निकट 73 पेड़ लगाए गए। मोदी के जन्म दिवस पर आज अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) द्वारा समग्र अहमदाबाद में कुल 1,01,000 पेड़ लगाए जाएंगे। गोता में आयोजित इस कार्यक्रम में अहमदाबाद की महापौर श्रीमती प्रतिभा जैन, उप महापौर जतिन पटेल, अहमदाबाद मनपा की स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांग दाणी, अहमदाबाद मनपा आयुक्त एम. थेन्नारसन, मनपा में शासक पक्ष के नेता गौरांग प्रजापति तथा मनपा के पदाधिकारी एवं अधिकारी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
