हरदा (मप्र) : हिमंत बिस्वा सरमा ने आज कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में शुरू की गई लाड़ली बहना योजना के माध्यम से यहां की महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज में उनका सम्मान भी बढ़ेगा। सरमा मध्यप्रदेश के हरदा जिला मुख्यालय पर जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल हुए।
आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान के लगातार प्रयासों से मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर विकसित राज्यों की श्रेणी में आ गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली बहना योजना प्रारम्भ की है, जिससे प्रदेश की महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज में उनका सम्मान भी बढ़ेगा। हाल ही में मध्यप्रदेश सरकार ने लाड़ली बहनों को मात्र 450 रुपये में गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जो अत्यंत सराहनीय।
असम के मुख्यमंत्री सरमा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारे देश का पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है। केन्द्र सरकार की उज्जवला योजना, जनधन बैंक खाते, प्रधानमंत्री आवास, मुद्रा योजना, आयुष्मान भारत योजना ऐसी योजनाएं है, जिनसे देश के करोड़ों गरीब परिवारों के सदस्य लाभान्वित हुए है। कार्यक्रम में हरदा विधायक और प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल, क्षेत्रीय सांसद डी डी उइके, पूर्व सांसद प्रभात झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री पटेल ने भी जनसभा को संबोधित किया।
