भोपाल : मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कयी दिनों से हो रही मध्यम से भारी बारिश के बीच अगले चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है। राज्य के रतलाम, धार, उज्जैन, इंदौर, गुना, सीधी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, शिवपुरी, पचमढ़ी, बैतूल, भोपाल, ग्वालियर व नौगांव में बीते चौबीस घंटों के दौरान हल्की वर्षा दर्ज की गई। भोपाल मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी मध्यप्रदेश में अनेक स्थानों पर भारी बारिश हुई।
अब उन स्थानों पर राहत मिलने की संभावना है। प्रदेश में अगले चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की बारिश के आसार है। रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों हल्की बारिश हो सकती है। जबलपुर और उज्जैन संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इसके अलावा सागर, भोपाल, नर्मदापुरम तथा चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
वैज्ञानिकों की माने तो प्रदेश के राजगढ़, गुना, शिवपुरी, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडाेल, उमरिया, डिंडौरी, जबलपुर और नरसिंहपुर जिले में कहीं-कहीं वर्षा के बीच वज्रपात की संभावना है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद अब राज्य के पूर्वी हिस्से में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे। अगले चौबीस घंटों के दौरान भोपाल व इसके आसपास बूंदाबांदी के आसार हैं।
