गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सतारा के पुसेसावली दंगों के पीछे भाजपा का हाथ

कोल्हापुर : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने सोमवार को कहा कि सतारा जिले में हाल ही में हुए पुसेसावली दंगों के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ है। एआईएमआईएम ने जिला पुलिस अधीक्षक समीर शेख पर दंगा के स्थिति को संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया और उनको तुरंत निलंबित करने की मांग की। एमआईएम के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार कादरी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम पावस्कर द्वारा भड़काऊ भाषण देने के कारण सतारा जिले की खटाव तहसील के पुसेसावली गांव में दंगे हुए, पथराव हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि 18 अगस्त को एक समुदाय के युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किया और उसके बाद 19 अगस्त को पावस्कर के मोर्चा के कारण दंगा भड़क गया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने पावस्कर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिन्हें राज्य के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस का खास बताया जाता है। एआईएमआईएम नेता ने कहा कि उन्होंने 22 अगस्त और 08 सितंबर को दो बार पुलिस से कार्रवाई करने का अनुरोध किया लेकिन पुलिस ने उनके अनुरोध पर कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अगले दिन 09 सितंबर को लगभग 2,000 लोगों की भीड़ ने एक मस्जिद पर हमला किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और लगभग 15 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस पूरी तरह से भाजपा के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दिया कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो एमआईएम राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

इससे पहले कादरी ने कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुनील फुलकारी से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। एमआईएम की अन्य मांगों में अन्य संबंधित पुलिस अधिकारियों को निलंबित करना, मृतक युवक के परिजनों को मुआवजे के रूप में एक करोड़ रुपये की राशि देना और घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये देना शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *