गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक ने तोड़ा भाजपा से नाता

चेन्नई : तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से नाता तोड़ लिया है। अन्नाद्रमुक ने सोमवार को भाजपा से नाता तोड़ने की घोषणा कर दी। गौरतलब है कि अन्ना, पेरियार और पार्टी के अन्य के खिलाफ हालिया विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के.अन्नामलाई की कुछ टिप्पणियों पर दोनों दलों के बीच तीखी तकरार चल रही थी।
पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मंत्री एवं अन्ना द्रमुक के वरिष्ठ नेता डी.जयकुमार ने दिग्गज द्रविड़ियन नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन.अन्नादुरई (जिन्हें ‘अन्ना’ (बड़े भाई) के नाम से जाना जाता है) के खिलाफ अन्नामलाई की कथित टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में नोटा से आगे नहीं बढ़ पाएगी।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा अब अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन में नहीं है। हम चुनाव के समय ही गठबंधन के बारे में फैसला करेंगे।’ जयकुमार ने कहा कि यह अन्नाद्रमुक का रुख है (भाजपा से संबंध तोड़ना) न कि उनका व्यक्तिगत राय। उन्होंने कहा, “हालांकि भाजपा अन्ना द्रमुक के साथ गठबंधन चाहती है, लेकिन अन्नामलाई ऐसा नहीं चाहते हैं।”
अन्नाद्रमुक नेता के खिलाफ की गई कुछ आलोचनाओं का जिक्र करते हुए श्री जयकुमार ने कहा, “हम अपने नेताओं की लगातार की जा रही आलोचनाएं स्वीकार नहीं कर सकते। श्री अन्नामलाई ने पहले ही हमारी नेता जे जयललिता की आलोचना की थी। उस समय, हमने उनके खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया था। उसी समय उन्हें ये सब बंद कर देना चाहिए था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *