गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिग्विजय ने चेताया मध्यप्रदेश के अधिकारियों को

भोपाल : दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि राज्य सरकार के वित्त विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के आर्थिक हालात को देखते हुए सचेत रहना चाहिए। सिंह ने गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों की राज्य में कांग्रेस सरकार बनने पर जांच कराने की बात भी कही है।
राज्यसभा सांसद सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा है, ”भाजपा के चुनावी एजेंडा को पूरा करने के लिए वित्त विभाग के आला अधिकारी आंकड़ों की बाजीगरी कर प्रदेश की पहले से डगमगाई वित्तीय हालत को और हानि पहुंचा रहे हैं। वित्त विभाग द्वारा 137 योजनाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, वहीं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में भी बजट को अघोषित तौर पर रोककर भाजपा के चुनावी एजेंडे में सरकार का पैसा डायवर्ट किया जा रहा है। इस तरह वित्त विभाग के आला अधिकारी कई महत्वपूर्ण खर्चे को वर्तमान के लिए टालकर भविष्य के लिए बड़ी देनदारी खड़ी कर रहे है। ”
श्री सिंह ने इसी पोस्ट में आगे लिखा है, ”मुझे सूचना मिली है इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निचले अधिकारियों पर मनमाफिक नोटशीट लिखने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मुझे सूचना है कि कई विभागों की कई निधियां, जो वित्त विभाग के पास संधारित है, उसमें से अघोषित तौर पर वित्त विभाग द्वारा सरकार के चुनावी एजेंडे हेतु पैसा खर्च कर दिया गया है, जिसके कारण प्रदेश का वास्तविक ऋण वित्त विभाग द्वारा दिखाए गए आंकड़े से कहीं ज्यादा है। मैं गड़बड़ करने वाले अधिकारियों को चेतावनी देना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद इन कार्यकलापों की सघन जांच कराई जाएगी और गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी चाहे वो किसी भी वरिष्ठता के क्यों ना हो।”
इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा जिले के गंजबासौदा में जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करने के दौरान सिंह की इस पोस्ट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि श्री सिंह राज्य के अधिकारियों को धमका रहे हैं। चौहान ने कहा कि उनके राज में विकास की योजनाओं के लिए धनराशि की कमी नहीं रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *