गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस नेता धमका रहे हैं अधिकारियों को

विदिशा : शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा में भारतीय जनता पार्टी को जिस तरह से जनता का समर्थन मिल रहा है, उससे कांग्रेस नेता बौखलाएं हैं और वे बौखलाहट में अधिकारियों को धमका रहे हैं। चौहान ने यह बात ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के विदिशा के गंजबासौदा पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा एवं उषा ठाकुर ने भी संबोधित किया। इससे पहले यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश में कराए गए गरीब कल्याण एवं जनहितैषी कार्यों के आधार पर पार्टी जनता का आशीर्वाद लेने के लिए प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही हैं। यात्राओं को मिल रहे जन समर्थन से कांग्रेस घबरायी हुयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की जन आक्रोश रैली की हवा निकल गयी है और इससे कांग्रेसी बौखलाए हुए हैं और अधिकारियों को धमकी देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट कर वित्त विभाग के अधिकारियों को धमकी दी है। वे अधिकारियों से कह रहे हैं कि पैसे कहां से आ रहे हैं। उन्होंने कहा जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ पैसों की कमी का रोना रोते थे। उन्होंने कहा कि जनता के काम के लिए पैसों की कमी नहीं है। जनता की सेवा के लिए ही यह सरकार है।

चौहान ने कहा कि मेरी लाडली बहनों आपने जो मुझे रक्षासूत्र बांधा है, वे उसकी कसम खाकर कहते हैं कि कभी भी आपकी आंखों में आंसू नहीं आने देंगे। मेरे प्रदेशवासियों यदि आपके लिए मुझे मरना भी पड़े तो पीछे नहीं हटूंगा। मैं अपने प्रदेश की तरक्की के लिए हर वह प्रयास करूंगा जो जरूरी है। प्रदेश के विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं आने दूंगा। बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की। आज मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि मुझसे ज्यादा भाग्यशाली दुनिया में शायद ही कोई भाई होगा, जिसकी एक करोड़ 32 लाख बहनें हैं। मैं इन बहनों के लिए कुछ कर पा रहा हूं यह मेरा सौभाग्य है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मेरी बहनों को हर महीने 3 हजार रूपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसान और गरीबों की जिंदगी सुधारने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। किसानों के हित में किसान निधि फसल बीमा आदि जैसी तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं। वे कांग्रेस से पूछना चाहते हैं क्या कांग्रेस यह सब नहीं कर सकती थी, बिल्कुल कर सकती थी लेकिन उसकी नियति में खोट था इसलिए इस प्रकार की योजनाएं नहीं बनायी।
प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान पिछले 18 साल से हर चुनाव से पूर्व जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं और यह जन आशीर्वाद यात्रा आप सबका आशीर्वाद लेने के लिए निकली जाती है। आज यह यात्रा गंजबासौदा में आपका आशीर्वाद लेने के लिए आई है। कहने के लिए तो श्री चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं लेकिन वे हम सबके परिवार के एक सदस्य हैं।
जन आशीर्वाद यात्रा का प्रारंभ विदिशा जिले के बसौदा से हुआ। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। कुछ स्थानों पर लोगों ने जेसीबी पर सवार होकर यात्रा पर पुष्पावर्षा की गयी। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री और यात्रा प्रभारी रणवीर सिंह रावत, विधायक सीमा जैन, जिला अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन, रविंद्र सिंह चौहान, हरि सिंह सप्रे सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *