गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लाड़ली बहना योजना से बहनों के परिवारों को राहत

विदिशा : शिवराज चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने प्रदेश की 1.32 करोड़ बहनों के परिवारों को राहत दी है। चौहान आज जिले के गंजबसौदा में जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू होने से परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बहनों को चिंता नहीं करनी पड़ती। इस योजना में क्रमश: राशि बढ़ती जाएगी। इस योजना के माध्यम से बहनों को सम्मान देने का कार्य भी किया गया है।
चौहान ने कहा कि प्रदेश में वे परिवार जो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने से छूट गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री जन आवास (लाड़ली बहना जन आवास) योजना का लाभ दिलवाया जाएगा। परिवारों को मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना में पट्टे भी प्राप्त होंगे। आवास योजना के लिए प्रपत्र भरवाने का कार्य शुरू किया गया है। स्क्रीनिंग के बाद हितग्राहियों का चयन कर लाभ दिलवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जहाँ 200 रूपये की कमी कर रसोई गैस सिलेंडर के दाम घटाए हैं, वहीं प्रदेश सरकार ने सावन का उपहार देते हुए उज्ज्वला योजना की हितग्राही बहनों को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर दिलवाने का कार्य किया है। यही नहीं बिजली के बढ़े हुए बिलों का भुगतान भी सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके लिए एक किलोवॉट क्षमता का विद्युत उपयोग करने वाले निर्धन परिवार पात्र होंगे।
उन्होंने कहा कि किसान वर्ग के लिए राज्य सरकार ने वे सभी योजनाएं पुन: शुरू कीं, जो पूर्व सरकार ने वर्ष 2019 में बंद कर दी थीं। जहाँ किसान सम्मान निधि के अंतर्गत केन्द्र और राज्य सरकार की तरफ से किसान को वर्ष में 12 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो रही है, वहीं अब किसानों के बेटा-बेटी भी सरकारी स्कूल में अध्ययन के बाद नीट के माध्यम से एमबीबीएस पाठ्यक्रम में चयन के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान का लाभ लेकर डॉक्टर बनेंगे। इसी तरह मेडिकल और इंजीनियरिंग की हिंदी में पढ़ाई का प्रबंध किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने गंजबसौदा क्षेत्र सहित प्रदेश में सिंचाई योजनाओं का लाभ किसानों को नहीं दिलवाया। अब इन योजनाओं के अमल में तेजी आई है। इसी तरह कृषकों को ट्रांसफार्मर के लिए अनुदान योजना के प्रपत्र भरवाना शुरू किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन का लाभ बड़ी संख्या में परिवारों को मिला है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में अब प्रदेश के बुजुर्ग हवाई यात्राएं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम जनता को योजनाओं का लाभ पहुंचाने और विकास कार्यों को अंजाम देने के लिए धनराशि की कमी नहीं होती। राज्य सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए कार्य कर सकती है। इसके लिए सरकार में बैठे लोगों के हृदय में जनता के लिए कार्य करने की तड़प होना चाहिए। कुछ करने की ललक हों तो वित्तीय बाधाएं भी आड़े नहीं आती हैं। जो लोग कहते हैं कि सरकार में कार्यों के लिए राशि नहीं हैं, दरअसल वे जनकल्याण करना ही नहीं चाहते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *