गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मुठभेड़ में दो महिला नक्सली ढेर

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में आज सुबह सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया है। इसी बीच नक्सलियों द्वारा किए गए बारूंदी सुरंग विस्फोट में केन्द्रीय सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया, घायल जवान का उपचार दंतेवाड़ा अस्पताल में किया जा रहा है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में स्थित नहाड़ी, छोटे हिड़मा और डूंगीनपारा के जंगल में बड़े नक्सली लीडरों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।

सूचना मिलने के बाद डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की एक संयुक्त टीम को कल मौके पर सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। सर्चिंग के दौरान आज सुरक्षाबल के जवान नहाड़ी के जंगल में पहुंच गए। इसके बाद जवानों ने ईलाके की घेराबंदी करना शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों की नजर जवानों पर पड़ गई. इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया। हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में जवानों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया।
श्री सुंदरराज पी ने बताया कि इस सर्चिंग आॅपरेशन के दौरान घटनास्थल से दो महिला नक्सलियों के शव के साथ एक इंसास और एक 12 बोर रायफल बरामद किया है. वहीं इस बीच, दंतेवाड़ा के अरनपुर जगरगुंडा सड़क पर नक्सलियों द्वारा किए गए आइईडी विस्फोट में एक सीआरपीएफ जवान सुरेन्द्र सिंह तोमर घायल हो गया जिनका उपचार दंतेवाड़ा अस्पताल में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *