गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गिरफ्तार डीएसपी के मामले की एसआईटी जांच

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के संपर्क में शामिल पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शेख आदिल मुश्ताक के मामले की जांच के लिए लिए साउथ सिटी के पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। गिरफ्तार डीएसपी के खिलाफ दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) से पता चलता है कि अधिकारी ने ‘आतंकवादी फंडिंग मामले’ में कुछ आरोपों को हटाने के लिए कथित तौर पर पैसे लिए थे। उन पर उस पुलिस अधिकारी को फंसाने का प्रयास करने का भी आरोप है, जो जुलाई में श्रीनगर से गिरफ्तार किए गए आतंकवादी ऑपरेटिव मुजम्मिल जहूर की जांच कर रहा था।
प्राथमिकी के अनुसार मुजम्मिल के सिम और फोन को विशेषज्ञ की राय के लिए 22 जुलाई को नयी दिल्ली में महानिदेशक सीईआरटी-आईएन (भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम) भेजा गया था, जिसमें मुजम्मिल और एक टेलीग्राम से अन्य टेलीग्राम ऐप पर चैट का पता चला है। जिसका पता तत्कालीन मामले के शुरुआती जांच अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक शेख आदिल के मोबाइल नंबर से लगाया गया था। मुज़म्मिल और आदिल के बीच आपत्तिजनक टेलीग्राम संचार को पुनः प्राप्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि तीनों प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में काम कर रहे थे और जिला श्रीनगर के भीतर अपने कैडरों को मजबूत करने और वित्त पोषण करने की साजिश के तहत उन्हें पैसा मिला था। रिपोर्ट में कहा गया, “उक्त धन उन्हें जम्मू-कश्मीर में सीमा के भीतर और पार आतंकवादी संगठन द्वारा रची गई, बड़ी आपराधिक साजिश के हिस्से के रूप में पाकिस्तान स्थित उनके आकाओं के निर्देश पर प्राप्त हुआ था।”
जांच के दौरान, आरोपी उमर आदिल डार ने अपने प्रकटीकरण बयान में कहा कि वह पहले अलगाववादी संगठन हुर्रियत के साथ काम कर रहा था और अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद, उससे एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया था, जिसके माध्यम से वह पाकिस्तानी हैंडलर कर्नल यासिर और एक ऐजाज़ रहमानी (पाकिस्तान में बैठे कश्मीर आधारित अलगाववादी नेता) के संपर्क में आया। उसने बताया कि रहमानी के निर्देश पर, उन्हें कुलगाम के वानपोह फिलिंग स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति से 25 लाख की राशि प्राप्त हुई। बाद में उसने श्रीनगर में लश्कर कैडर को मजबूत करने के उद्देश्य से बिलाल को 10 लाख, जमरूदा को 10 और यास्मीन को पांच लाख रुपये में बांट लिए।
पुलिस ने जांच के दौरान 19 जुलाई को श्रीनगर के एक होटल से मुजम्मिल को गिरफ्तार किया। वह शेख इनामुल हक की तस्वीर और अन्य दस्तावेजों का उपयोग करके सोपोर में एक बैंक में उनके नाम से एक खाता खोलने में कामयाब रहा था। दस्तावेजों से पता चला कि मुज़म्मिल को डार से आतंक के पैसे के रूप में खाते में पांच लाख रुपये मिले थे। जहूर की गिरफ्तारी के बाद, कार्यकारी मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पंथा चौक और पुलिस गवाह एसआई जावेद की उपस्थिति में जांच अधिकारी ने उसका खुलासा किया और उसका बयान दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *