गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल : उत्तराखंड के कुमाऊं में पुलिस को नशे के खिलाफ गत 24 घंटे में दोहरी सफलता हाथ लगी है। नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर जनपद की पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में दो करोड़ से अधिक की स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक उत्तर प्रदेश (उप्र) पुलिस को सिपाही शामिल है। स्मैक के मामले में उत्तराखंड में पुलिस की अभी तक की यह सबसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में पहले कभी स्मैक बरामद नहीं हुई है।
नैनीताल पुलिस को पहली सफलता बीती रात को लालकुआं में मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लालकुआं के कोतवाल डीआर वर्मा की अगुवाई में बीती रात को पुलिस टीम की ओर से सुभाष नगर बैरियर पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने बरेली की ओर से आ रहे तीन मोटर साइकिल सवारों को रोका और उनकी जांच की तो उनके पास से 1.075 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई। तीनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रवीन्द्र सिंह निवासी सिलाना, बागपत, उप्र, मोरपाल निवासी दुनका, आनंदपुर बरेली और अर्जुन पांडे आजादनगर, बरेली शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि रवीन्द्र सिंह उप्र पुलिस को सिपाही है और बरेली में तैनात है। आरोपी बरेली से स्मैक की तस्करी कर लाये थे और हल्द्वानी और पहाड़ी क्षेत्रों में बेचने के लिये ले जा रहे थे। श्री मीणा ने पुलिसकर्मी के तस्करी में शामिल होने को गंभीर माना और कहा कि उप्र पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जायेगी। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने इसे बड़ी कामयाबी बताते हुए पुलिस टीम को 25 हजार रूपये ईनाम देने की घोषणा की है।
इसी प्रकार ऊधमसिंह नगर की काशीपुर पुलिस को भी आज बड़ी सफलता हाथ लगी। एसएसपी टीएस मंजूनाथ ने बताया कि कोतवाली पुलिस की ओर से ढेला पुल के पास से आज अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तस्कर सुल्तान खां पुलिस के हत्थे चढ़ा। उसके पास से 1.024 किलोग्राम स्मैक बरामद की गयी।
दोनों घटनाओं में बरामद स्मैक का मूल्य दो करोड़ से अधिक आंका गया है। आरोपी तस्कर के खिलाफ काशीपुर कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी ने बताया कि वह बिजली मिस्त्री है और अधिक कमाने के चक्कर में स्मैक के धंधे में लग गया।
वह रेशमा नामक महिला के कहने पर बरेली से स्मैक की तस्करी करता है। रेशमा के कहने पर बरामद स्मैक को वह काशीपुर और कुंडा क्षेत्र में ड्रग पेडलरों को देने के लिये ले जा रहा था। उसने बताया कि रेशमा इसके बदले में उसे अच्छे पैसे देती है।
पुलिस अब रेशमा और उसकी सहयोगी शमीमजहां की तलाश में जुट गयी है। श्री मंजूनाथ ने इसे काशीपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया और कहा कि नशे के खिलाफ अभियान और तेज किया जायेगा। पुलिस उप महानिरीक्षक कुमाऊं योगम्बर सिंह रावत ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *