गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नैनीताल में गिरा तीन मंजिला मकान

नैनीताल : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के आनी की तर्ज पर शनिवार को उत्तराखंड की पर्यटक नगरी नैनीताल में भी भूस्खलन के चलते चार्टन लॉज की पहाड़ी पर बना एक तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया। इसके अलावा आधे दर्जन मकान खतरे की जद में आ गये हैं। फिलहाल किसी प्रकार के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त है। पुलिस और प्रशासन नजर बनाये हुए है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार्टन लॉज क्षेत्र में कुछ दिन से जमीन में हल्की दरार आ गयी थी। यह दरार आज चौड़ी होती गयी। इसी बीच आज सुबह से पहाड़ी पर हल्का हल्का भूस्खलन होने लगा। रूक-रूक कर मिट्टी दरकने लगी। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों में दहशत फैल गयी। आसपास के लोग घर छोड़ कर भाग गये। दोपहर एक से डेढ़ बजे की बीच पहाड़ी पर स्थित सुभाष पुत्र मुसद्दीलाल का दो-तीन मंजिला मकान भरभरा कर ढह गया।
गनीमत रही कि इसकी जद में और मकान नहीं आ पाये और न ही किसी जानमाल का नुकसान हुआ। मौके पर आधे दर्जन मकान खतरे की जद में आ गये हैं। घटना के दौरान प्रशासन का कोई भी व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था। शहर में यह खबर आग की तरह फैल गयी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी।
उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा घटना के बाद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पटवारी हेम जोशी के अनुसार रमेश चंद्र्र धामी, चंद्रशेखर जोशी, भरत कापड़ी, पाशन दूमा और केसी मिश्रा के आवास खतरे की जद में आने के कारण खाली करा लिये गये हैं। लोग अब दहशत में हैं। प्रशासन पीड़ित परिवार को आपदा मद से सहायता दिलाने की बात कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *