नई दिल्ली : पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत में कारोबार शुरू करने तथा चलाने के लिए ‘ काम-धंधे में आसानी ‘ बढ़ने को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। गोयल के पास उपभोक्ता, खाद्य आपूर्ति और कपड़ा मंत्रालय का भी प्रभार है। गोयल ने यहां उद्यमिता पर एक कार्यक्रम में स्टार्टअप इंडिया पहल की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि 2016 में भारत में 450 स्टार्टअप थे, जो बढ़कर आज एक लाख से अधिक हो गए हैं, जिससे भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है।
उन्होंने कहा कि जी20 की भारत की अध्यक्षता के दौरान वैश्विक स्तर पर देश की साख का जिक्र करते हुए कहा कि इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में किए गए विकास को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उन्होंने भारतीय युवाओं की महत्वाकांक्षी प्रकृति को स्वीकार किया, जो तेज विकास के लिए उत्सुक है।
उन्होंने ‘अमृत काल’ में भारत के विकास की नींव के रूप में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। भारत की औसत आयु 30 वर्ष से कम होने और जनसांख्यिकीय लाभांश अगले तीन दशकों तक जारी रहने के साथ, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से विकास हासिल करेगी।
