बिलासपुर : आम आदमी पार्टी (आप) की छत्तीसगढ़ इकाई राज्य में महिला अपराधों के खिलाफ सोमवार को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करेगी। आप की ओर से आज यहां जारी बयान के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति ने राज्य में महिलाओं के विरूद्ध बढ़ते अत्याचार के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ कल सभी जिलों में प्रदर्शन करेंगे। बयान में सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है तथा महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर राज्य की कांग्रेस सरकार बुरी तरह विफल रही है।
अनुसूचित जाति-जनजाति महिलाओं की बद्तर स्थिति तो है ही इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा के तमाम तंत्रों के बीच रहने वाली अन्य महिलाओं के साथ भी दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं इस पार्टी के कार्यकाल में लगातार बढ़ी हैं। ‘आप’ नेता एवं प्रदेश सचिव प्रियंका शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-कांग्रेस दोनों ही महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ सरकार तमाम फौरी दावे कर साबित करने में जुटी हुई है कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध दर रेट घट रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। आप की महिला विंग की नेता आशना जायसवाल ने प्रदेश सरकार को आगाह करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर यदि जल्द ही कोई ठोस पहल नहीं की गई तो पार्टी प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
