गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सहायक उपनिरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने सोमवार को महिला प्रकोष्ठ लुधियाना में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (ए.एस.आई.) सुखदेव सिंह को 4000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पुलिस कर्मचारी को अभिषेख शर्मा निवासी न्यू शिमलापुरी, लुधियाना की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से सम्पर्क कर बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है और उसका अपनी पत्नी से विवाह सम्बन्धी झगड़ा चल रहा है और इसकी शिकायत ए.एस.आई सुखदेव सिंह के पास विचाराधीन है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त ए.एस.आई उससे पहले भी 7000 रुपए किश्तों में ले चुका है और उसके पारिवारिक सदस्यों के खि़लाफ़ मामला दर्ज करने की धमकी देकर उससे 50,000 रुपए और माँग रहा है। उसने बताया कि उसके और ए.एस.आई. के बीच सौदा तय हुआ है, जिसके अनुसार उक्त ए.एस.आई. 14,000 रुपए रिश्वत के लिए राज़ी हो गया है, जिसमें से वह 4000 रुपए ख़ुद रखेगा और 10,000 रुपए महिला प्रकोष्ठ लुधियाना के इंचार्ज को देगा।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जाँच के बाद विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और दोषी पुलिस कर्मचारी को दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से 4000 रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर काबू कर लिया गया।
इस सम्बन्ध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के अधीन विजीलेंस ब्यूरो के थाना लुधियाना रेंज में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मुलजिम को कल अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने साथ ही बताया कि मामले की आगे की जाँच जारी है और पड़ताल के दौरान महिला प्रकोष्ठ के इंचार्ज की भूमिका की भी जाँच की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *