नई दिल्ली : बंधन म्यूचुअल फंड ने बंधन रिटायरमेंट फंड के लॉन्च की घोषणा की और यह नया फंड ऑफर (एनएफओ) 28 सितंबर को खुलेगा। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इसका उद्देश्य निवेशकों को उनके सेवानिवृत्ति लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करने के लिए इक्विटी, ऋण और अन्य निवेश माध्यमों के मिक्स में निवेश करके लंबी अवधि में निवेश किए गए पैसे पर अच्छा खासा रिटर्न प्रदान करना है।
फंड की प्रभावशाली एसेट आवंटन रणनीति निवेशकों को बाजार में गिरावट के दौरान संभावित गिरावट को कम करते हुए इक्विटी बाजार में तेजी से भाग लेने का अवसर प्रदान करती है। उसने कहा कि नया फंड ऑफर 28 सितंबर को निवेश के लिए खुलेगा और 12 अक्टूबर को बंद होगा। बंधन रिटायरमेंट फंड में निवेश लाइसेंस प्राप्त म्यूचुअल फंड वितरकों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ-साथ सीधे कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से भी निवेश किया जा सकता है।
बंधन एएमसी लिमिटेड के सीईओ विशाल कपूर ने कहा आम लोगों की औसत आयु में लगातार बढ़ोतरी, जीवन यापन की बढ़ती लागत और बढ़ती हेल्थकेयर मुद्रास्फीति निवेशकों की बचत को कम कर सकती है, जिससे रिटायरमेंट की योजना बनाना प्रासंगिक हो जाता है। आम तौर पर, रिटायरमेंट योजना बनाने के लिए रूढि़वादी दृष्टिकोण वाले निवेशक मुद्रास्फीति को मात देने के लिए संघर्ष करते हैं, और अपने खर्चों को पूरा करने के लिए धन की कमी का सामना करते हैं।
हालांकि रिटायरमेंट के बाद समान जीवन स्तर बनाए रखना जरूरी है, लेकिन तैयारियों की कमी एक बड़ी रिटायरमेंट फंड बनाने की यात्रा को पटरी से उतार सकती है। म्यूचुअल फंड रिटायरमेंट योजना के लिए एक प्रभावी माध्यम है, जो सिस्टेमेटिक इनवेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के माध्यम से निवेश करने की लचीलापन प्रदान करता है।
