नई दिल्ली : दिल्ली सरकार बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और पीड़ितों को अनुग्रह राशि देने के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी करेगी। दिल्ली की ऊर्जा मंत्री आतिशी ने मंगलवार को कहा, “यह गाइडलाइन्स राज्य के अधिकारियों और बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं, करंट लगने की घटनाओं को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाने में मददगार साबित होगा।
इन घटनाओं की रोकथाम के निवारक उपायों में नियमित निरीक्षण और अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाना शामिल है, जो सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकते हैं।” आतिशी ने इस बात पर जोर दिया कि बिजली का झटका लगने या श्रमिकों के घायल होने की हर घटना का परिवारों पर गहरा प्रभाव पड़ता है और केजरीवाल सरकार उनके कठिन समय में उनके साथ देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बिजली मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों की सुरक्षा और बेहतरी सुनिश्चित करने की दिशा में, दिल्ली विद्युत नियामक आयोग सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर दिशानिर्देश तैयार करने के लिए काम करेगा। हाल के दिनों में दिल्ली में करंट लगने की घटनाओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए केजरीवाल सरकार ने ये फ़ैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण निर्णय 2021 में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा जारी आदेशों का पालन करता है, और दिल्ली के लोगों के सुरक्षा के लिए बिजली विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
