जगदलपुर : नरेंद्र मोदी तीन अक्टूबर को बस्तर जिले के लालबाग में जनसभा को संबोधित करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार सभा के पहले प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले एसपीजी के कमांडो बस्तर पहुंच चुके हैं। एसपीजी ने सभा स्थल सहित आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को अधिग्रहित करते हुए स्थानीय अर्धसैनिक बल के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा की रणनीति तैयार करने में जुट गई है।
एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक पहुंचने के संभावित रास्तों का निरीक्षण किया गया। इसके लिए माड़िया चौक होते हुए आनंद ढाबा चौक से आमागुड़ा चौक होते हुए लालबाग व एयरपोर्ट से शहीद पार्क होते हुए लालबाग पहुंचने वाले रास्ते को चिन्हांकित करने के साथ ही अन्य वैकल्पिक मार्ग पर भी चर्चा की गई है। शहर में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी के अनुसार सुरक्षा के दृष्टिगत शहर भर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
मोबाइल चेकपोस्ट लगाए जा रहे हैं, जहां संदेहियों की जांच-पड़ताल भी की जाएगी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभा स्थल पर कड़ी सुरक्षा जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। यहां पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच के बाद ही सभा स्थल के अंदर जाने की अनुमति होगी। किसी भी तरह के ज्वलनशील पदार्थ, नुकीले औजार, हथियार, नशीले पदार्थ अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चार स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा।
