ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में सुरक्षा बलों ने एक अभियान के दौरान प्रतिबंधित विद्रोही समूह उल्फा (आई) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी सूत्रों ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर असम राइफल्स की खोंसा बटालियन और तिरप पुलिस ने साथ मिलकर रविवार को दोनों कट्टर उग्रवादियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया, जो विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए भारत-म्यांमार सीमा पार कर असम में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
असम राइफल्स के सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान ‘स्वयंभू निजी’ निलुतपाल असोम उर्फ मोनजीत गोगोई और ‘स्वयंभू निजी’ उपेन असोम उर्फ रूहिनी गोगोई के रूप में हुई है। दोनों असम राज्य के निवासी हैं और पिछले वर्ष संगठन में भर्ती हुए थे। दोनों उग्रवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। उन्होंने म्यांमार में अपना ठिकाना बनाया हुआ है और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए भारतीय क्षेत्र में लगातार घुसने की कोशिश कर रहे हैं। भारत-म्यांमार सीमा लंबी और सुराखदार होने के बावजूद, सुरक्षा बल उनकी घुसपैठ को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
उल्फा (आई) के दो उग्रवादी गिरफ्तार
