बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजपुर के थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने बताया कि ग्राम सालखेड़ा के किसान जगदीश काग की हत्या के मामले में ग्राम ऊंचाई के सुनील उर्फ सोनिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह 2020 में एक हत्या के मामले में कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उन्होंने बताया कि किसान जगदीश अपने रखवाली के लिए खेत में ही रहते थे। 1 अक्टूबर को सुनील उर्फ सोनिया ने जगदीश की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी।
उसका पुत्र मुकेश कुछ दूरी पर ही था। लेकिन वह आरोपी के दोनों हाथों में धारदार हथियार देखकर घबरा गया। आरोपी मुकेश को भी मारने दौड़ा लेकिन सफल नहीं हुआ। अस्पताल ले जाए जाने के दौरान जगदीश की मृत्यु हो गई थी। उन्होंने बताया कि 8 दिन पहले जगदीश ने सुनील को अपने खेत से कपास चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस पर सुनील ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसी कारण सुनील ने जगदीश की हत्या कर दी थी। आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
