भोपाल : शिवराज सिंह चौहान 7 अक्टूबर को स्मार्ट सिटी पार्क में दीनदयाल रसोई योजना अंतर्गत 10 चलित रसोई केन्द्र का शुभारंभ करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार दीनदयाल रसोई योजना में 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगरपालिक निगम इंदौर में 4, भोपाल में 3 तथा जबलपुर एवं ग्वालियर में 2-2 चलित रसोई केन्द्र शुरू किये जा रहे हैं। शेष 12 नगरपालिक निगमों सहित पीथमपुर एवं मण्डीदीप नगरीय निकाय में एक-एक चलित रसोई केन्द्र शुरू किये जा रहे हैं।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि राज्य के गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 फरवरी 2017 को दीनदयाल रसोई योजना प्रारंभ की गई थी। प्रदेश में कुल 166 रसोई केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है।
इन केन्द्रों में 5 रूपये प्रति थाली की दर से सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक भोजन का वितरण किया जाता है। इन निकायों को प्रति व्यक्ति 10 रूपये के मान से अनुदान राज्य शासन द्वारा दिया जाता है। अभी तक 228 लाख भोजन थाली का वितरण किया जा चुका है। भविष्य में 20 हजार से अधिक जनसंख्या वाले 68 नगरीय निकायों में भी रसोई केन्द्र शुरू करने की योजना है। चलित रसोई केन्द्रों की स्थापना के लिये उपकरण एवं सामग्री से सुसज्जित वाहन निकायों को उपलब्ध कराये जा रहे हैं।
