चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) के मामले को न्यायालय में जानबूझ कर कमजोर तरह से पेश करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को काली पट्टियों के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान के निवास समक्ष धरना प्रदर्शन किया और कहा कि सत्तारूढ पार्टी ने राज्य की जनता को धोखा दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकारिणी के सभी सदस्य मुख्यमंत्री मान के निवास समक्ष धरने पर बैठे हैं।
इससे पहले भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में जाखड़ ने कहा कि राज्य की सत्तारूढ आप सरकार ने एसवाईएल के मुद्दे को यह कहते हुए न्यायालय में अपना पक्ष रखा कि राज्य सरकार तो नहर बनाना चाहती है, लेकिन विपक्षी पार्टीयां और किसान संगठन नहर बनने नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की इसी दलील पर न्यायालय को टिप्पणी करनी पड़ी है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य की जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की पानी की एक भी बूंद अन्य राज्यों को नहीं जाने दी जाएगी।
