गंगटोक : पीएस तमांग ने रविवार को दिक्चू के पुराने बाजार का दौरा किया। उन्होंने 04 अक्टूबर को आयी बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए 11 घरों का भी अवलोकन किया। तमांग ने दिक्चू बांध स्थल का भी दौरा किया। उन्होंने कहा, “मैंने आपदाग्रस्त क्षेत्र को दौरा किया और नुकसान को अवलोकनप किया। प्रत्येक प्रभावित परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की राहत सहायता प्रदान की गयी है।” मुख्यमंत्री ने हालांकि नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद सरकार की ओर से आगे भी सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। हेलीकॉप्टरों की मदद से फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का काम जारी है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 22 सदस्य मंगन के लिए रवाना हो गए हैं।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस को चुंगथांग से जिप लाइन के माध्यम से 56 नागरिकों को बचाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। अन्य छह लोगों को चुंगथांग में सिक्किम ऊर्जा लिमिटेड बांध के सुरंग से बचाया गया। बाढ़ के कारण होने वाले नुकसान और प्रभावित आबादी पर नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार अब तक 33 लोग मारे गए है, प्रभावित लोगों की संख्या 60,870 है, 105 लोग अभी भी लापता हैं और अन्य 26 घायल हैं।
इसके अलावा 1,655 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, 2,563 लोगों को बचाया गया है, 2,707 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, 28 राहत शिविर खोले गए हैं, राहत शिविरों में 6,847 लोग शरण लिए हुए हैं। राज्य में 2,380 पशुधन का नुकसान हुआ है और 14 पुल क्षतिग्रस्त हुए या बह गए हैं। सिंगतम से रंगपो और मेल्ली तक यातायत बहाल किया जा चुका है और यदि अपेक्षित बारिश के कारण भूस्खलन नहीं होता है तो बहाली का काम जारी रहने का अनुमान है।
