शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर थाना जैतीपुर में भाजपा विधायक के कथित प्रतिनिधि द्वारा आधा किलोमीटर सड़क उखड़ने के मामले में मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग से नुकसान का आकलन करते हुए स्वीकृति हेतु रिपोर्ट भेजी है। इसके बाद आरोपियों से सड़क उखड़ने में हुए नुकसान की वसूली की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने सोमवार को यूनीवार्ता को बताया कि थाना जैतीपुर में पीडब्ल्यूडी द्वारा बन रहे जैतीपुर से बदायूं को जोड़ने वाले राज्य मार्ग पर आधा किलोमीटर सड़क उखाड़ने के मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हमने लोक निर्माण विभाग से हुए नुकसान का मूल्यांकन कराया है जिसमें 10 लाख 09हजार के नुकसान की रिपोर्ट उन्हें प्राप्त हो गई है।
उन्होंने बताया कि विभाग से रिपोर्ट मिलने के बाद उन्होंने पूरी पत्रावली को दावा प्राधिकरण लखनऊ को भेज दिया है और प्राधिकरण से स्वीकृत होने के बाद हम आरोपियों से नुकसान की वसूली की कार्रवाई शुरू करेंगे। पूछने पर उन्होंने बताया की नुकसान की भरपाई आरोपी स्वयं जमा करें अन्यथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन के जरिए वसूली की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि थाना जैतीपुर अंतर्गत जैतीपुर से नवादा होते हुए बदायूं तक लोक निर्माण विभाग की ओर से राज्य मार्ग बनाया जा रहा था । आरोप है कि वही के निवासी जगबीर जो अपने को कटरा क्षेत्र के भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह का प्रतिनिधि बताकर ठेकेदार से 5 प्रतिशत की रंगदारी मांग रहा था जिस पर रंगदारी न मिलने के चलते उसने अपने 15 से 20 साथियों सहित आकर जेसीबी मशीन से आधा किलोमीटर बने हुए रोड को उखाड़ दिया।
श्री मीणा ने बताया कि इसके बाद ठेकेदार के प्रबंधक रमेश सिंह की ओर से जैतीपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था जैसे ही मामला हमारे संज्ञान में आया हमने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बना दी जिसमें आरोपी पंचू, जेसीबी का ड्राइवर पवन, सुरजीत, रामबरन के अलावा जगबीर का भाई विनोद को जेसीबी समेत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।जांच के दौरान आरोपियों पर रंगदारी मांगने की धारा 386 को बढ़ा दिया गया है । अपर पुलिस अधीक्षक संजीव वाजपेई ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आधा दर्जन लोगों की और पहचान की गई है उन्हें भी जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा । पुलिस की टीमे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही हैं।
सड़क उखड़ने में हुए नुकसान की जल्द होगी वसूली
