लखनऊ : लखनऊ में खेली जा रही 41वीं अखिल भारतीय केडीसिंह ‘बाबू’ पुरूष आमंत्रण प्राईजमनी हाकी प्रतियोगिता में बुधवार को पीएनबी ने सीआईएसएफ के खिलाफ 7-2 से जीत दर्ज की। पद्मश्री मो शाहिद सिन्थेटिक हाकी स्टेडियम में मैच के 23वें मिनट में सीआईएसएफ के वाशुदेव ने शानदार फील्डगोल कर अपनी टीम काे 1-0 की बढ़त दिला दी मगर दो मिनट बाद ही पीएनबी के मंदीप मोर ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर हिसाब बराबर कर दिया।
पीएनबी की ओर से 31वें मिनट में गुरसिमरन सिंह ने पेनाल्टी कार्नर, 35वें मिनट में नवीन अंटिल ने फील्डगोल एवं 37वें मिनट में बनमानी ने एक फील्डगोल कर अपनी टीम का स्कोर 4-1 कर दिया। सीआईएसएफ की टीम की ओर से मैच के 48वें मिनट विशालजीत सिंह ने एक फील्डगोल कर अपनी टीम का स्कोर 2-4 कर दिया। मैच के 50वें मिनट में पीएनबी की टीम की ओर से नवीन अंटिल ने फील्डगोल, 58वें मिनटन में अर्जुन ने पेनाल्टी स्ट्रोक से एवं 60वें मिनट में नवीन अंटिल ने फील्डगोल कर अपनी टीम का स्कोर 7-2 कर दिया। यही स्कोर अन्त तक कायम रहा।
एक अन्य मैच में इण्डियन आयल ने मुम्बई कस्टम को एकतरफा 7-0 गोल के अन्तर से पराजित कर दिया। इण्डियन आयल की ओर से मनप्रीत ने दो गोल दागे जबकि रघुनाथ,तलविन्दर सिंह,गुरजिन्दर,अर्शदीप और सुनील यादव ने एक एक गोल किया।
बाबू हॉकी: पीएनबी ने सीआईएसएफ को 7-2 से हराया
