चंडीगढ़/ फिरोजपुर : पंजाब पुलिस ने राज्य के फिरोजपुर क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार करके इनके कब्जे से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान तरनतारन के मल्लन गांव निवासी गुरबिंदर सिंह उर्फ बिंदर और कुलवंत सिंह उर्फ कांता के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक कार भी जब्त की है , जिसमें वह जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में बैठे तस्करों की बड़ी मात्रा में भारतीय क्षेत्र में हेरोइन भेजने की योजना को लेकर मिली खुफिया सूचना के आधार पर फिरोज़पुर पुलिस टीमों ने किला चौक इलाके में एक कार संदेह के आधार पर रोका और इसकी तलाशी लेने पर इनमें से 12 किग्रा हेरोइन बरामद की जो 16 पैकेट में रखी गई थी।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक (काउन्टर इंटेलिजेंस-फिऱोज़पुर) लखबीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों तस्करों पर पहले भी नशा तस्करी के अनेक मामले दर्ज हैं। इनसे पूछताछ की इनके नेटवर्क की जानकारी हासिल की जा रही है। आरोपी तस्करों के खिलाफ मादक पदार्थ निरोधक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
