गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शेयर बाजार फिसला

मुंबई : विदेशी बाजारों में तेजी के बावजूद स्थानीय स्तर पर टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस, विप्रो, एसबीआई और एलटी समेत चौदह कंपनियों में हुई बिकवाली से आज शेयर बाजार की पिछले लगातार दो दिनों की तेजी थम गई। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 64.66 अंक उतरकर 66408.39 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 17.35 अंक फिसलकर 19794 अंक पर आ गया। वहीं, मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में हुई लिवाली ने बाजार को और अधिक गिरने से बचाया।

इस दौरान बीएसई का मिडकैप 0.30 प्रतिशत चढ़कर 32,322.73 अंक और स्मॉलकैप 0.60 प्रतिशत की तेजी लेकर 38,198.50 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 3792 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2169 में लिवाली जबकि 1500 में बिकवाली हुई वहीं 123 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 29 कंपनियां हरे जबकि 21 लाल निशान पर रही।
बीएसई में कैपिटल गुड्स, रियल्टी, टेक और आईटी में 1.48 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर 16 समूहों में तेजी रही। ऊर्जा 1.16, ऑटो 0.71, धातु 0.93 और तेल एवं गैस समूह में 1.40 प्रतिशत की बढ़त रही। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.80, जर्मनी का डैक्स 0.65, जापान का निक्केई 1.75, हांगकांग का हैंगसेंग 1.93 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.94 प्रतिशत उछल गया।
शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 92 अंक की बढ़त के साथ 66,564.57 अंक पर खुला और लिवाली होने से थोड़ी देर बाद ही 66,577.60 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान हुई बिकवाली के दबाव में यह दोपहर से पहले 66,339.42 अंक के निचले स्तर पर आ गया। अंत में पिछले दिवस के 66,473.05 अंक के मुकाबले 0.10 प्रतिशत फिसलकर 66,408.39 अंक पर आ गया। निफ्टी भी 11 अंक बढ़कर 19,822.70 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 19,843.30 अंक के उच्चतम जबकि 19,772.65 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले दिवस के 19,811.35 अंक की तुलना में 0.09 प्रतिशत उतरकर 19,794.00 अंक पर रहा।
इस दौरान सेंसेक्स की नुकसान उठाने वाली कंपनियों में टेक महिंद्रा 2.72, इंफोसिस 1.95, टीसीएस 1.88, एचसीएल टेक 1.74, बजाज फाइनेंस 1.03, विप्रो 1.01, नेस्ले इंडिया 0.57, कोटक बैंक 0.50, एसबीआई 0.36, भारती एयरटेल 0.27, एलटी 0.23, एक्सिस बैंक 0.16, एशियन पेंट 0.13 और बजाज फाइनेंस 0.09 प्रतिशत शामिल रही। वहीं, मारुति 1.60, एनटीपीसी 1.36, एचडीएफसी बैंक 0.73, टाटा स्टील 0.72, टाटा मोटर्स 0.47, सन फार्मा 0.25, आईसीआईसीआई बैंक 0.18 और रिलायंस ने 0.16 प्रतिशत का मुनाफा कमाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *