गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुरक्षा बलों ने संदिग्ध वस्तुओं को किया नष्ट

श्रीनगर : सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को उत्तरी कश्मीर में हंदवाड़ा-बारामूला राजमार्ग पर मिले तीन संदिग्ध छोटे गैस सिलेंडरों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) को कुपवाड़ा जिले के क्रालगुंड हंदवाड़ा के गणपोरा इलाके में सड़क के किनारे झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे तीन संदिग्ध छोटे गैस सिलेंडरों का पता चला। तीनों संदिग्ध छोटे गैस के सिलेंडर उदीपुरा की ओर जाने वाले गणपोरा क्रॉसिंग से लगभग 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों के बीच रखे हुए थे।
पुलिस ने बयान में कहा, “संभावित खतरे को भांपते हुए सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सेना की 30 आरआर और हंदवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकरीबन साढ़े दस बजे संदिग्ध तीनों सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नष्ट कर दिया। बाद में जांच से पता चला कि सिलेंडरों में यूरिया, एक गैर-घातक पदार्थ था। सिलेंडरों को नष्ट करने के दौरान किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।”
पुलिस ने कहा कि वह इन सिलेंडरों को सार्वजनिक क्षेत्र में झाड़ियों के पीछ छिपा कर रखने के पीछे के उद्देश्य और इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। उन्होंने कहा, “स्थानीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को मजबूत किया गया है।” स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और क्षेत्र की सुरक्षा बनाए रखने के लिए किसी भी संदिग्ध गतिविधियों या वस्तुओं के बारे में पता चलने पर इसकी सूचना निकटतम पुलिस चौकी को देने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *