देहरादून : उत्तराखंड के देहरादून जिले में पिछले चौबीस घंटे के दौरान, हुई दो मार्ग दुर्घटनाओं में कुल चार लोगों की मृत्यु हो गई। मृत सभी व्यक्ति पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) प्रवक्ता ललिता नेगी ने शनिवार को बताया कि देहरादून की चकराता तहसील के तहसीलदार ने सूचना दी गयी कि मीनस के पास पाटण नामक स्थान पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस पर पोस्ट त्यूणी में व्यवस्थापित एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम मुख्य आरक्षी सतेंद्र रावत के नेतृत्व में मय आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई।
घटनास्थल पर एक वाहन बोलेरो कैंपर संख्या एचपी 63सी 5039 मुख्य मार्ग से लगभग दो सौ मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ था। जिसमें तीन लोग सवार थे, जो नेवल टिकरी, तहसील चौपाल, हिमाचल प्रदेश से विकासनगर, (देहरादून)की ओर आ रहे थे। इसी दौरान, मीनस के पास वाहन अनियंत्रित होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन सवार सभी तीनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
श्रीमती नेगी ने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश कुमार पुत्र सूरत सिंह, 26 वर्ष, (वाहन चालक), सुरजीत सिंह पुत्र जगत राम, 35 वर्ष और श्याम सिंह पुत्र भागमल, 48 वर्ष उपरोक्त सभी ग्राम टिकरी, तहसील नेरवा, जनपद शिमला, हिमाचल प्रदेश के निवासी है। दूसरी ओर, देहरादून के पुलिस प्रवक्ता ने एक अन्य मार्ग दुर्घटना आज रात्रि होने और उसमें एक मोटर साइकिल सवार की मौके पर मौत होने की सूचना दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात्रि समय करीब 1:30 बजे थाना राजपुर क्षेत्र में एक मोटर साइकिल संख्या एचपी 71ए 1320 धौरणपुल के पास पेड से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।
जिसमे मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उक्त घायल व्यक्ति को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया, जहां दौराने उपचार उक्त व्यक्ति की मृत्यु हो गयी है। मृतक के संबंध में जानकारी करने में ज्ञात हुआ कि मृतक आईटी पार्क में एक आई0टी0 कंपनी में इंजीनियर था तथा राजपुर क्षेत्र में शिव गंगा कॉलोनी में पिछले दो- ढाई वर्षो से रह रहा था।
रात्रि में मृतक अपनी शिफ्ट खत्म कर अपने घर की ओर जा रहा था। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनो को सूचित किया गया है। शव को अग्रिम कार्रवाई हेतु मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक की पहचान ऋषभ ठाकुर पुत्र राजेन्द्र ठाकुर, निवासी ग्राम नाहन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 29 वर्ष, वर्तमान पता- शिव गंगा कॉलोनी, राजपुर, देहरादून के रूप में हुई है।
