नई दिल्ली/कोलकाता/गंगटोक : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल और सिक्किम में एक कथित पासपोर्ट रैकेट का भंडाफोड़ किया और सिक्किम के गंगटोक में तैनात पासपोर्ट सेवा लघु केंद्र (पीएसएलके) के एक वरिष्ठ अधीक्षक सहित दो लोगों को रिश्वतखोरी के कथित मामले में गिरफ्तार किया। सीबीआई ने एक बयान में कहा कि इस मामले में 24 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह आरोप लगाया गया है कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) कोलकाता और पासपोर्ट सेवा लघु केंद्र (पीएसएलके) गंगटोक के लोक सेवकों ने पासपोर्ट एजेंटों, बिचौलियों सहित अन्य लोगों के साथ कथित साजिश रची और उक्त साजिश के अनुसरण में आरोपी भारत के गैर निवासियों को अवैध रुप से व्यक्तियों/आवेदकों की ओर से बिचौलियों द्वारा प्रस्तुत जाली पहचान दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट जारी कर रहे थे। सीबीआई ने सिलीगुड़ी में एक निजी व्यक्ति (एक एजेंट) से कथित तौर पर इसे स्वीकार करते हुए वरिष्ठ अधीक्षक से 1.90 लाख रुपये बरामद किए।
सीबीआई के बयान में दावा किया गया कि दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उक्त लोक सेवक के कब्जे से 3.08 लाख रुपये की राशि भी बरामद की गई। सीबीआई ने कहा कि रैकेट पर कार्रवाई के तहत कोलकाता, गंगटोक, सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग और अलीपुर द्वार सहित लगभग 50 स्थानों पर लोक सेवकों और अन्य आरोपियों के परिसरों पर तलाशी ली गई, जिससे बड़ी संख्या में पहचान के सबूत संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज और जाली पासपोर्ट और बरामद हुए।
