हैदराबाद : एन चंद्रबाबू नायडू के समर्थकों ने ‘लेट्स मेट्रो फॉर सीएनबी’ के आह्वान के साथ उनकी कथित ‘अवैध’ गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में जम कर प्रदर्शन किया। इस आह्वान के जवाब में आईटी कर्मचारियों सहित समर्थक शनिवार को सुबह साढ़े 10 से साढ़े 11 बजे के बीच मियापुर से एलबी नगर तक यात्रा करने के लिए एकत्र हुए। सभी प्रदर्शनकारी काली टी-शर्ट पहने हुए थे। अप्रत्याशित रूप से इस अवधि के दौरान मेट्रो अधिकारियों द्वारा मियापुर मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया था। अधिकारियों ने अपने निर्णय के लिए तकनीकी कारणों का हवाला दिया था। इससे आम जनता और मेट्रो अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
इसके बाद, मेट्रो स्टेशन के साथ-साथ मियापुर से एलबी नगर तक मार्ग के अन्य स्टेशनों पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। विशेष रूप से, ब्लॉक टी-शर्ट पहनने वाले यात्रियों को पुलिस ने मेट्रो रेल तक पहुंचने से रोक दिया था। गौरतलब है कि तेलंगाना में गत नौ सितंबर को भी तेदेपा के कार्यकर्ताओं ने आंध्र प्रदेश में कौशल विकास निगम कथित घोटाले में पार्टी के प्रमुख नायडू की गिरफ्तारी के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया। तेदेपा ने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मिरयालगुड़ा, वानापार्थी, घाटकेसर और सरकिला जिले समेत राज्य के विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि नायडू के खिलाफ दर्ज मामला राजनीति से प्रेरित है।
तेदेपा के पूर्व सांसद के. राममोहन राव ने आरोप लगाया कि नायडू की गिरफ्तारी वाईएसआर कांग्रेस सरकार का राजनीतिक प्रतिशोध है। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी लोगों को तेदेपा प्रमुख की गिरफ्तारी की निंदा करनी चाहिए। नायडू को आंध्र की आपराधिक अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने कौशल विकास निगम कथित घोटाले के सिलसिले में नौ सितंबर को आंध्र प्रदेश के नांदयाल में गिरफ्तार किया।
नायडू की ‘अवैध’ गिरफ्तारी का समर्थकों ने किया विरोध
