चंडीगढ़ : पंजाब में 15 नवम्बर को होने वाले नगर निगम चुनावों से ऐन पहले कांग्रेस को जालंधर में शनिवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब इसके नौ पार्षद राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गये। ये पार्षद आज सुबह यहां पहुंचे तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इनका पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल कराया और इन्हें पूरा मान सम्मान प्रदान करने का आश्वासन दिया।
शामिल होने वाले पार्षदों में जालंधर-उत्तर से दीपक शारदा, ओम प्रकाश, देशराज जस्सल, बाल कृष्ण बाली, सुनील कुमार सोढ़ी, विजय भाटिया और दलविंदर कौर, जालंधर सेंट्रल से समशेर खेरा, मनु वड़िंग और मनमोहन सिंह राजू हैं। इस मौके पर जालंधर से पार्टी के सांसद सुशील रिंकू, कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह, विधायक रमन अरोड़ा, प्रदेश महासचिव जगरूप सिंह सेखवां, नेता राजविंदर कौर थियाड़ा और जालंधर ग्रामीण प्रभारी स्टीवन कलेर समेत अनेक नेता मौजूद थे। शामिल होने वाले पार्षदों में जालंधर-उत्तर और जालंधर-सैंट्रल की संख्या अधिक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के आम लोगों के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर पंजाब समेत पूरे देश भर में लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने साथ ही यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव की तरह नगर निकाय चुनावों में भी आप ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य के पांच बड़े शहरों पटियाला, जालंधर, लुधियाना, फगवाड़ा और अमृतसर में 15 नवम्बर को नगर निगम चुनाव होने जा रहे हैं।
