जयपुर : राजस्थान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं कर प्रदेश की जनता के साथ वादाखिलाफी करने को लेकर इस योजना से लाभान्वित होने वाले सभी तेरह जिलों में रविवार को मण्डल स्तर पर केन्द्र सरकार के खिलाफ खाली मटके लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार ईआरसीपी मुद्दे को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ वृहद जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत इन जिलों के सभी ब्लॉक एवं मण्डल कांग्रेस कमेटियों द्वारा गांव-गांव, ढाणी ढाणी में खाली मटके रखकर प्रदर्शन किया गया तथा प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा इस परियोजना को पूर्ण करने के लिए किया जा रहे कार्यों की जानकारी आम जनता को दी गई।
चतुर्वेदी ने बताया कि इन 13 जिलों में आने वाली समस्त विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी सचिव अपने-अपने क्षेत्र में जन जागरण अभियान की तैयारी के लिए जनसम्पर्क कर रहे हैं तथा सोमवार को बारां से इस अभियान की शुरुआत होगी और इस अवसर पर डोल मेला ग्राउण्ड में होने वाली जनसभा जिसे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे , में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहे हैं।
