भुवनेश्वर : ओडिशा पुलिस की विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने छापेमारी के दौरान एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 520 ग्राम वजन की प्रतिबंधित ब्राउन शुगर जब्त किया है। एसटीएफ सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर रविवार की रात क्योंझर टाउन थाना के अंतर्गत सिलुन चक में एसटीएफ, भुवनेश्वर और क्योंझर जिला पुलिस की एक टीम ने संयुक्त छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एसटीएफ टीम ने क्योंझर जिले के आनंदपुर पुलिस सीमा के तहत अंबो के देवानंद सामल को पकड़ा और उसके कब्जे से 520 ग्राम वजन वाली प्रतिबंधित ब्राउन शुगर तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। एसटीएफ की टीम ने ड्रग तस्कर द्वारा इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी प्रतिबंधित सामग्री के कब्जे के समर्थन में कोई वैध प्राधिकारी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए क्योंझर टाउन पुलिस को सौंप दिया गया। वर्ष 2020 के बाद से राज्य में नशीली दवाओं के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत एसटीएफ ने 72 किलोग्राम से अधिक ब्राउन शुगर या हेरोइन, 202 ग्राम कोकीन और 116 क्विंटल से अधिक गांजा या मारिजुआना, तीन किलो से अधिक अफीम (तीन किलोग्राम, 650 ग्राम) जब्त किया है और 182 से अधिक ड्रग डीलरों तथा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
ओडिशा में ड्रग तस्कर गिरफ्तार
