गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर में हिमपात, राजमार्ग पर यातायात बंद

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और ऊपरी इलाकों में हिमपात के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राजमार्ग को वाहन यातायात के लिए बंद कर दिया गया। यातायात अधिकारियों ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। जम्मू क्षेत्र के रामबन जिले में धलवास और कैफेटेरिया मोड़ पर राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। सड़क साफ करने का काम जारी है।

लद्दाख को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाले श्रीनगर-सोनमर्ग-गोमरी मार्ग और मुगल रोड पर सड़कों पर बर्फ जमा होने के कारण यातायात बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर में बुधवार से मौसम में सुधार के आसार हैं और अगले दो दिनों तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम का अनुमान है। गंदेरबल जिले में सोनमर्ग और बांदीपोरा जिले में गुरेज सहित कश्मीर के दूरदराज के पहाड़ी इलाकों में सोमवार रात हिमपात हुआ। पर्यटक स्थल सोनमर्ग में 4-5 इंच तक हिमपात हुआ।
श्रीनगर में पिछले 24 घंटों में मंगलवार सुबह तक 20.9 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि इसी अवधि में दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में 47.4 मिमी, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में 12.3 मिमी, बारामूला जिले के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में 18.6 मिमी और दक्षिण कश्मीर के पहलगाम रिसॉर्ट में 27.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। हिमपात और बारिश से पूरे कश्मीर में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *