खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में एक युवती से कथित तौर पर छेड़छाड़ के मामले में आयुष डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बड़वाह के थाना प्रभारी रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि 20 वर्षीय युवती की शिकायत पर काटकूट स्थित शासकीय अस्पताल में पदस्थ आयुष डॉक्टर अंसार कुरैशी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी डॉक्टर को नियमानुसार नोटिस देकर बुलाया गया और कल रात्रि गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया गया।
उन्होंने बताया कि पीड़िता 3 दिन पूर्व अपने पिता का उपचार करने डॉक्टर के निजी क्लीनिक पर गई थी। इसके दो दिन बाद वह स्वयं को पेट में तकलीफ होने पर उसे दिखाने गई। इस दौरान डॉक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकत की। युवती ने घर जाने के उपरांत उसकी बहन और एक अन्य महिला रिश्तेदार को घटनाक्रम बताया। उन्होंने अगले दिन पुलिस में शिकायत की।
