अहमदाबाद : इनक्रेड फाइनैंस सर्विसेस लिमिटेड 25 अक्टूबर से गैर-पविर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) की पेशकश के जरिये 300 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। कंपनी की ओर से बुधवार को यहां जारी बयान में कहा गया है कि यह निर्गम 25 अक्टूबर बुधवार को खुल रहा है जो सात नवंबर मंगलवार को बंद होगा। न्यूनतम आवेदन आकार 10,000 रूपये (अर्थात 10 एनसीडीसएस) और उसके बाद 1,000 रु के गुणकों में (अर्थात एक एनसीडी) होगा।
इस निर्गम में एनसीडीएस के लिए 18 महीने, 24 महीने और 36 महीने की परिपक्वता / कार्यकाल के विकल्प हैं जिसमें सीरीज I, II, III, IV और V के लिए मासिक, त्रैमासिक और वार्षिक लाभांश भुगतान की पेशकश की जा रही है। विभिन्न श्रेणियों में एनसीडी धारकों के लिए प्रभावी लाभांश दर 9.88 प्रतिशत से 10.29 प्रतिशत प्रतिवर्ष तक की है। निर्गम की निवल (शुद्ध) आय का कम से कम 75 प्रतिशत का उपयोग आगे के ऋणदान, वित्तपोषण करने और कंपनी के मौजूदा ऋण के ब्याज व मूलधन के पुनर्भुगतान के उद्देश्य से किया जाएगा और अधिकतम 25 प्रतिशत निवल आय का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है।
कंपनी के पूर्णकालिक डायरेक्टर एवं चीफ़ एग़्ज़ीक्यूटिव ऑफ़िसर भूपिन्दर सिंह ने अपने बयान में कहा कि, “हमने स्वयं को एक विविधतापूर्ण ऋणदान गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी के रूप में स्थापित किया है, जिसका बिज़नेस मॉडल अत्याधुनिक तकनीक और विश्लेषण पर आधारित है और जो हमारी परिसंपत्ति की गुणवत्ता की मज़बूती में परिलक्षित रिस्क मैट्रिक्स पर केन्द्रित है। यह क्रेडिट रिस्क और कलेक्शन्स के लिए एक आज़माए हुए दृष्टिकोण का परिणाम है।
हम ऋणदान की प्रक्रिया को त्वरित, सरल और झंझट-मुक्त बनाने के लिए प्रौद्योगिकी और डेटा-साइंस का निरन्तर लाभ उठाते हैं। अब तक की हमारी वृद्धि का एक प्रमुख घटक हमारी देनदारियों की रणनीति की सफलता रही है और एनसीडीएस का यह सार्वजनिक निर्गम हमारे ऋण मिश्रण को और भी विविध बनाने तथा मज़बूत करने में एक भूमिका निभाएगा।”
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023 के लिए, कंपनी के परिचालन से कुल राजस्व 864.58 करोड़ रु था और वित्तीय वर्ष 2023 के लिए कर से पहले शुद्ध लाभ 203.17 करोड़ रु था। जून 2023 को समाप्त होने वाले तिमाही के लिए परिचालन से कुल राजस्व 266.94 करोड़ रु था और इस अवधि के लिए कर से पहले लाभ 82.99 करोड़ रु था।
