भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा में पुलिस ने अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बस से 2.22 करोड़ रुपये कीमत की 293.88 किलो चांदी जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने पुलिस को विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर अधिक से अधिक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इसी के तहत प्रताप नगर थाना अधिकारी महावीर प्रसाद ने मुखबिर की सूचना पर लैंड मार्क होटल पर एक निजी ट्रैवल्स की बस में बिना बिल की चांदी की सिल्लियां होने की सूचना मिली।
इस पर थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर बस चालक मेहसाणा निवासी अनिल कुमार एवं हिम्मत नगर निवासी फिरोज खान और छोटू परमार उर्फ शिवा निवासी धोलपुर हाल संजय कॉलोनी, भीलवाड़ा, दीपू सिकरवार निवासी आगरा हाल संजय कॉलोनी को बस सहित हिरासत में लिया।
इन सभी को बस सहित थाने ले जाकर बस की तलाशी ली तो बस की डिक्की में 25 पार्सल मिले, जिनमें चांदी की सिल्लियां और जेवरात पाए गए। इन सबका वजन 293.38 किलो पाया गया। चांदी की कीमत करीब 2.22 करोड़ रुपये है। पुलिस ने इसकी सूचना अग्रिम कार्रवाई के लिए वाणिज्य कर एवं आयकर विभाग को दी है। दोनों ही विभागों के नोडल अधिकारी इस मामले की जांच और कार्रवाई कर रहे हैं।
