गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

साइबर ठग अमन सिंह गिरफ्तार

फर्जी वेबसाइट से ठगता था लोगों को

चंडीगढ़ : हरियाणा साइबर पुलिस ने त्योहारों पर लोक लुभावन सपने दिखाकर और बड़ी कम्पनियों की वर्षगांठ पर स्क्रैच कूपन देने के बहाने ठगी करने वाले साइबर ठग अमन सिंह(19) को लुधियाना से गिरफ्तार किया है। साइबर पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि साइबर पुलिस अधीक्षक अमित दहिया और उनकी टीम ने आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर आज पंचकूला की अदालत में पेश किया जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिये गये हैं। उसके खिलाफ एफआईआर 26, 66C, 66D आईटी एक्ट, 419, 120, 467, 468, 471 आईपीसी की धाराओं में पंचकूला साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी आरएएकेआईओडॉटओआरजी नाम से एक फर्जी वेबसाइट चला रहा था जहां यह दावा किया जा रहा था कि कम्पनी के 155 साल पूरे होने के मौके पर सभी को 1999 रुपए के स्क्रैच कूपन सीधे ग्राहकों के खातों में भेजे जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि फेसबुक से उसे एक चैट एप्लीकेशन चैनल का लिंक मिला था जहां से वह एक ग्रुप में जुड़ा था। आरोपी ने उस ग्रुप में से ही बैंक सम्बम्धित सभी सुविधाएं जैसे फर्जी डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड और फर्जी सिम ऑनलाइन मंगाया था। इसके बाद उसने टाटा कम्पनी के नाम से एक फर्जी वेबसाइट बनाई जिसमें उसने इसके मालिकों के फोटो भी लगाए गए थे।
पीड़ित व्यक्ति जैसे ही स्क्रैच कूपन पाने के लिए लिंक पर क्लिक करते और अपनी बैंक की जानकारी अपडेट करते, तुरंत रूपए उसके खाते से कट जाते थे। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसे सिम जबलपुर से मिला और वेबसाइट नोएडा में किसी से बनवाई थी। इन दोनों से ही मुख्य आरोपी, एक चैट ऐप के माध्यम से सम्पर्क करता था। आरोपी हर हफ्ते नई सिम मंगवाता था, ताकि एक बार सिम का दोबारा इस्तेमाल न करना पड़े। आरोपी, अलग अलग पेमेंट गेटवे के सहारे ही अन्य आरोपियों के पास लूट के पैसे से उनका हिस्सा भेजता था। अधिकतर ठगी कम पढ़े लिखे गरीब लोगों से होती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *