बुधनी : शिवराज सिंह चौहान ने आज सीहोर जिले में स्थित अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी में जन आशीर्वाद यात्रा निकालने के साथ ही चुनावी सभाओं को संबोधित किया। बुधनी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे चौहान इस बार फिर इसी क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। उन्होंने सुबह बकतरा में स्थित राम जानकी मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद जन आशीर्वाद यात्रा प्रारंभ की। इस अवसर पर उनकी पत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान भी मौजूद थीं।
चौहान बकतरा में लोगों को संबोधित करते हुए भावुक नजर आए और अपने बचपन से लेकर अब तक की विभिन्न स्मृतियों को साझा किया। चौहान ने कहा कि सब जानते हैं कि वे इसी क्षेत्र के जैत में जन्मे हैं और इस क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के कारण अब ये पूरे देश में पहचाने जाने लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधनी से वे नहीं यहां की जनता चुनाव लड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सालों पहले बकतरा में छोटे छोटे काम करके उन्होंने राजनैतिक जीवन की शुरूआत की थी। यह स्थान उनकी जन्मभूमि, कर्मभूमि, मातृभूमि, पुण्यभूमि और सबकुछ है। उन्होंने जनता से कहा, ‘आज मैं भाषण देने नहीं आया। मैं तो यह कहने आया हूं कि अब आप अपना काम संभालों। तुम ही शिवराज हो। आप सब शिवराज बनकर इस चुनाव को लड़ो।’ संबोधन के बाद चौहान का काफिला आगे बढ़ गया। रास्ते में जगह जगह पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनका स्वागत किया और चौहान ने उनका अभिवादन स्वीकार किया। चौहान बकतरा के बाद शाहगंज, बुधनी और सलकनपुर में भी पहुंचे। सुबह शुरू हुआ काफिला निकलने का क्रम देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान चौहान ने रोड शो में हिस्सा लिया और रास्ते में दिखने वाले समूहों को अपने रथनुमा वाहन से ही संबोधित किया।
बुधनी में शिवराज ने किया जनसंपर्क
