गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था

श्रीनगर : मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है और व्यापार एवं निवेश के लिए पसंदीदा स्थान है। भारतीय अर्थव्यवस्था और संबद्ध विज्ञान संघ के चौथे वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन के अवसर पर सिन्हा ने कहा कि भारत व्यापार और निवेश के लिए सबसे पसंदीदा स्थान है और यह लगातार विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
तीन दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी और ‘2047 तक विकसित भारत’ प्राप्त करने की दिशा में नीतिगत उपायों का व्यापक विश्लेषण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की नीतियों और समग्र विकास कार्यक्रमों ने अर्थव्यवस्था को उच्च वृद्धि के सतत मार्ग पर आगे बढ़ाया है और भारत के आर्थिक पथ को आकार प्रदान किया है।
सिन्हा ने कहा, “आज भारत व्यापार और निवेश के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य है और हम दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बने हुए हैं। समावेशी, प्रगतिशील और सतत विकास के साथ, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हमारे विकास का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे।”
उन्होंने कहा कि भारत आशावाद, असीम ऊर्जा और महत्वाकांक्षा से भरपूर है और चालू वित्त वर्ष में वैश्विक विकास में 15 प्रतिशत योगदान देने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हम वास्तव में इस सदी को भारत की सदी बनाने के अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं और हमारा आर्थिक पुनरुत्थान वैश्विक विकास का प्रमुख चालक होगा।
उपराज्यपाल ने तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत की ‘आत्मनिर्भर भारत’ की रणनीति, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और भारत में जनजातीय आबादी के विकास के मुद्दों और 2047 तक विकसित भारत की उपलब्धि के लिए नीतिगत उपायों के व्यापक विश्लेषण पर विचार-विमर्श करने के लिए भारतीय अर्थशास्त्र और संबद्ध विज्ञान संघ के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विकास-उन्मुख क्षेत्रों की क्षमता को अनलॉक करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया और रोजगार सृजन, अवसंरचना और निवेश, महिला सशक्तिकरण, एमएसएमई, कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया, जो भारत 2.0 के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उद्घाटन सत्र में सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य विकसित क्षेत्रों के बराबर लाने के लिए पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सामाजिक-आर्थिक सुधारों को साझा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *