भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा पुलिस ने एटीएम काटकर राशि लूटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का एक हजार किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और गिरोह के सरगना सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह के अनुसार हमीरगढ़ थाना सर्किल में नितिन स्पीनर्स कान्याखेड़ी स्थित पीएनबी के एटीएम को काटकर गत 17 अक्टूबर को बदमाश 14 लाख 70 हजार रुपये ले गए थे। इसके बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। वारदात स्थल के साथ ही संभावित रास्तों के 1100 सीसी टीवी कैमरों का विश्लेषण कर संदिग्ध वाहन की पहचान कर रुट की जानकारी लेकर संदिग्ध कार व बदमाशों को चिह्नित किया गया।
करीब एक हजार किलोमीटर तक बदमाशों का लगातार पीछा करते हुये दो बदमाशों इमलीवाली मस्जिद के पास वार्ड 2 नगर कॉलोनी पींगवाना, जिला नूह हरियाणा निवासी मोहम्मद सलीम और मस्जिद के पीछे जटाना रोड सिरोली, जिला नूह, हरियाणा निवासी मोहम्मद आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से वारदात में काम ली क्रेटा कार भी बरामद कर ली गई ।
पुलिस ने बताया कि ये दोनों अंतरराज्यीय मेवाती गिरोह से जुड़े हैं।
पुछताछ में दोनों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कान्याखेड़ी स्थित पीएनबी एटीएम में वारदात को अंजाम देना कबूल किया। मुख्य आरोपी सलीम ने कबूल किया कि सह आरोपी सद्दाम हुसैन व रोबिन खान तेजाजी नगर, इंदौर ग्रामीण में एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में हैं। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
